जम्मू। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से हर कोई परेशान है। ऐसा कोई दिन नहीं जब जाम की स्थिति बनी न हो। लचर यातायात व्यवस्था की वजह से हालात दिन ब दिन खराब हो रहे हैं। जाम के ही कारण मंगलवार को पेंसिल फैक्टरी में आग बुझाने के लिए देर से दमकल गाड़ियां पहुंच पाई थीं। शहर में पांच से छह प्रमुख जंक्शन पर परेशानी झेलना शहरवासियों की मजबूरी सी बन गई है।
ज्यूल चौक से कैनाल रोड तक समस्या का निदान नहीं हो रहा है। सुबह नौ से 11 बजे तक और शाम पांच से आठ बजे तक स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। दो से तीन मिनट के सफर में 15 से 20 मिनट का समय लग जाता है। मार्ग पर जीजीएम साइंस कॉलेज, काॅमर्स कॉलेज, पीएनबी बैंक और कोचिंग संस्थान है। यहीं से वाहन चालक तालाब तिल्लो, मुट्ठी व अखनूर के लिए जाते हैं। इसके बावजूद स्थिति संभालने के लिए ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती नहीं हो रही। बुधवार को ऐसी ही स्थिति इंदिरा चौक से सचिवालय तक थी। दिनभर वाहन रेंग रहे थे। मेटाडोर चालक की ओर से बीच रास्ते में ब्रेक लगाना और सड़क किनारे अवैध पार्किंग जाम के कारण रहे। वहीं डोगरा चौक से बिक्रम चौक तक पहुंचने में 15 मिनट लग गए जबकि सफर पांच मिनट का है। इसी तरह बिक्रम चौक से जम्मू विश्वविद्यालय मार्ग पर ट्रैफिक की समस्या रही। पनामा चौक से नरवाल सब्जी मंडी तक भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
वेयर हाउस बना जाम का केंद्र
वेयर हाउस में ट्रैफिक जाम कारोबारी और ग्राहकों के लिए बड़ी समस्या है। यहां दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। बड़े वाहनों की आवाजाही होने और सड़क किनारे वाहनों के पार्क करने से समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस का एक भी कर्मी तैनात नहीं रहता है।