अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में शाम ढलते ही ट्रैफिक जाम अब आम हो गया है। समस्या इतनी गंभीर होती जा रही है कि पांच से दस मिनट के सफर में आधे घंटे का समय लग रहा है। दिन में चालान काटने के लिए जगह-जगह नाके लगाने वाली ट्रैफिक पुलिस शाम ढलते ही सड़कों से गायब हो जाती है। कर्मियों की मौजूदगी सिर्फ मुख्य चौराहों तक समिति रह गई है। इन दिनों 30 से 40 हजार अतिरिक्त वाहनों का भार है। सर्दियों के समय कश्मीर संभाग सहित जम्मू संभाग के जिलों डोडा, किश्तवाड़, रामबन, राजौरी और पुंछ से बड़ी संख्या में लोग जम्मू रहने आते हैं। ऐसे में वाहनों का अतिरिक्त दबाव है, जिससे जाम की समस्या बन रही है। सबसे अधिक परेशानी बेतरतीब वाहनों की पार्किंग और भीड़भाड़ इलाके में बड़े वाहनों के घुसने के कारण आ रही है। वीरवार शाम छह बजे सबसे व्यस्त कच्ची छावनी में इतना लंबा जाम लग गया कि पंजतीर्थी तक पहुंचने में 15 मिनट लग गए जबकि इसकी दूरी सिर्फ एक किमी है। इसके अलावा सड़क किनारे रेहड़ियां भी दिक्कतें बढ़ा रही हैं। ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सिर्फ कच्ची छावनी चौक में है, बीच में कोई निगरानी न होने से समस्या बढ़ रही है।
चौक पर पुलिस और आगे निजी बस के कारण वाहनों की कतार
शाम सात बजे ज्यूल चौक से तालाब तिल्लो की तरफ जाना किसी जोखिम से कम नहीं है। मिनी बसें (मेटाडोर) जाम का सबसे कड़ा कारण बन रही हैं। मेटाडोर चालक सवारियों को बीच सड़क में वाहन खड़ा कर उठा रहा है। इस कारण साइंस कॉलेज से लेकर कैनाल रोड चौक तक वाहन रेंग रहे हैं। हालांकि चौक पर ट्रैफिक पुलिस रहती है, मगर बीच रास्ते में कोई कर्मचारी न होने से समस्या बनी है। इसी तरह गांधीनगर लास्ट मोड़ से कुंजवानी और सतवारी तक वाहनों की कतारें लग रही हैं। नई बस्ती में सड़क किनारे रेहड़ियों से समस्या और विकराल हो जाती है। सतवारी चौक तक पहुंचने में ही पांच से दस मिनट लग रहे हैं। ट्रैफिक कर्मी चौक पर ही होते हैं। सतवारी से डिग्याना पुलिया तक यातायात काफी हद तक सुचारू है, लेकिन डिग्याना आश्रम से कुंजवानी तक परेशानियां हैं। पूरे रास्ते में एक भी ट्रैफिक कर्मी नहीं है।
समस्या के ये भी कारण
ई-रिक्शा का तय रूट पर परिचालन नहीं हो रहा। चालक मुख्य मार्ग पर चलते हैं, जिस कारण जाम लग जाता है। यातायात पुलिस कर्मियों की रात आठ बजे तक ड्यूटी है। ऐसे में जाम और लंबा हो जाता है और लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ता है। यही नहीं, ट्रैफिक सिग्नल के जरिये यातायात संचालन नहीं हो पा रहा है।
शहर में बीते कुछ दिन से वाहनों का दबाव बढ़ गया है। यातायात के सुचारू संचालन के लिए कर्मियों की संख्या आड़े आ रही है। बेतरतीब वाहनों को हटाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
-फैजल कुरैशी, एसएसपी ट्रैफिक