भगवती नगर पुल से वेयर हाउस का मार्ग खुला
संभाग की सबसे बड़ी अनाज मंडी वेयर हाउस से भगवती नगर की ओर आवाजाही करने वाले लोगों को शुक्रवार को राहत मिली। पिछले माह बाढ़ के कारण बंद किए गए भगवती नगर पुल से वेयर हाउस मार्ग को खोल दिया गया। इससे भगवती नगर से वेयर हाउस तक आने और जाने वाले दोपहिया व चार पहिया वाहन पहुंचे।
बाढ़ के कारण भगवती नगर तवी पुल और उसके साथ सटी सड़क के एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद पुल से वेयर हाउस आने वाले मार्ग पर बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया था। इससे पुल से वेयर हाउस तक आने वाले वाहनों को बेलीचराना बाया सतवारी से होकर आना पड़ रहा था। इसके साथ कैनाल रोड से सतवारी तक जाम की स्थिति बन रही थी। तवी पुल पर एक ही ट्यूब से वाहनों की आवाजाही हो रही है। जिस पर छोटे वाहनों को ही छोड़ा जा रहा है। पुल पर सेना ने बेली पुल स्थापित किया हुआ है।
ट्रकों के संचालन को दुरुस्त करे सरकार
लोगों ने ट्रकों के संचालन को दुरुस्त करने की सरकार से मांग की है। रोजाना राया मोड से जम्मू सफर करने वाले दिवांशु ने बताया कि वह एमआर का काम करते हैं। दिन के वक्त ट्रकों को छोड़ा जा रहा है। इससे पूरा मार्ग बंद हो रहा है। प्रशासन को ट्रकों के लिए कोई अन्य वैकल्पिक मार्ग या ऐसे समय में छोड़ना चाहिए जिसमें स्थानीय लोगों को दिक्कत न हो।
कैनाल रोड निवासी कन्हैया ने बताया कि वह एक पेपर देने जा रहा था, लेकिन जाम की वजह से लगभग एक घंटा लेट हो गया। वैकल्पिक मार्ग पर भी कोई हल नहीं निकला। हर तरफ जाम रहा। मोगा (पंजाब) से ट्रक लेकर आए अंग्रेज सिंह ने बताया कि ट्रक में पंजाब से आलू लेकर आए हैं, दो दिन से फंसा हूं।
कोई बताता भी नहीं कि कितने दिन तक रुकना पड़ेगा। पठानकोट से कश्मीर के लिए कोयला लेकर जम्मू पंहुचे राजू ने बताया कि तीन दिन से रिंग रोड पर ट्रक को रोका हुआ है। कभी कहते हैं कि सड़क टूटी है तो कभी बताते हैं कि काफी जाम है। तीसरे दिन ट्रक को निकाला है लेकिन पता नहीं कि कहां पर फिर से रोक देंगे।