जम्मू। व्यापारियों ने जम्मू से कश्मीर तक माल परिवहन की जांच के लिए लखनपुर के बाद केवल एक चेक पोस्ट स्थापित करने पर जोर दिया। उनका कहना है - जम्मू में कोई चेक पोस्ट व नाका नहीं होना चाहिए। इसके साथ ई वे बिल की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर दो लाख रुपये की जाए। बिना कागजी कार्रवाई के एफडी तुरंत जारी की जाए। ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट के शिष्टमंडल ने सोमवार को अध्यक्ष दीपक गुप्ता के नेतृत्व में राज्य कर आयुक्त डॉ. रश्मी सिंह से कार्यालय में मुलाकात कर समस्याओं को उजागर किया।
गुप्ता ने कहा कि जम्मू कश्मीर मुंबई-दिल्ली जैसा नहीं है। भौगोलिक परिस्थितियों के तहत जम्मू से श्रीनगर तक 300 किमी की दूरी तय करने में कई बार एक सप्ताह लग जाता है। कई दिन तक विभिन्न कारण से सड़कें बंद रहती हैं। ऐसे में वाहनों का ई वे बिल खत्म हो जाता है, लेकिन संबंधित विभाग जुर्माना लगा देता है। विभाग को ऐसी छोटी तकनीकी खामियों को ढूंढने के बजाय यह देखना चाहिए कि माल पर जीएसटी चुकाया गया है या नहीं। इस पर आयुक्त ने कहा कि जायज समस्याओं और मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा। शिष्टमंडल में मनीष गुप्ता, अभिमन्यु गुप्ता, अमित गुप्ता, यशपाल गुप्ता शामिल रहे।