अखनूर। अखनूर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा बनाने की प्रक्रिया पर प्रशासन की तरफ से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। प्रशासन की तरफ से एक नक्शा भी बना लिया गया है। इसमें पूरा ब्योरा दिया गया है कि टोल प्लाजा की पूरी रूपरेखा क्या होगी। हालांकि दूसरी तरफ इस टोल प्लाजा को लेकर विभिन्न संगठन ने विरोध जताना भी शुरू कर दिया है। चेतावनी दी गई है कि अगर अखनूर में टोल प्लाजा बनाया जाता है कि तो इसे बनने नहीं दिया जाएगा और इसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
अखनूर रोड के मालपुर गांव में सरकार की तरफ से सड़क फोर लेन बनाने के साथ टोल प्लाजा बनाने के लिए पच्चीस से तीस कनाल भूमि राजस्व विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों के चयन की जा रही है टोल प्लाजा के दायरे में बीस से तीस कनाल भूमि आ रही है। तहसील की तरफ से टोल प्लाजा बनाने के लिए जो जमीन अधिग्रहीत की जा रही है उसका नक्शा तैयार कर लिया गया है। इस नक्शे में पूरा ब्यौरा दिया गया है कि कहां पर कितनी जमीन लंबाई में रहेगी और कितनी चौड़ाई में। यह नक्शा गिरदावर घरोटा की तरफ से जारी किया गया है। साथ ही तहसीलदार की तरफ से भी इसे मंजूरी दी जा चुकी है।