अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू की नई टीम ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर अमरनाथ यात्रियों के लिए टोकन काउंटर बढ़ाने की मांग की। उन्होंने शिवभक्तों का सुरक्षा कवच और मजबूत करने सहित कई ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई।
चैंबर के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने अमरनाथ यात्रा पंजीकरण के लिए टोकन काउंटर कम होने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की तत्काल आवश्यकता है। पहलगाम जैसे आतंकी हमलों को भविष्य में रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं।
उन्होंने उपराज्यपाल से अनुरोध किया कि 28400 करोड़ रुपये के औद्योगिक पैकेज के विस्तार से संबंधित मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाए। इसके अलावा जम्मू-हरिद्वार के बीच प्रतिदिन नई रेलगाड़ी की मांग रेल मंत्रालय के समक्ष रखी जाए। जम्मू और हरिद्वार के बीच वर्तमान नियमित रेलगाड़ी लगभग 23 वर्ष पहले शुरू की गई थी, तब से इस मार्ग पर कोई अन्य रेलगाड़ी नहीं जोड़ी गई।
इस मौके पर चैंबर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, कनिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता, महासचिव मनीष गुप्ता, सचिव राजेश गुप्ता और कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता मौजूद रहे।