जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण रफ्तार पकड़ता दिख रहा है। बुधवार को 126 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इसी के साथ प्रदेश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या एक हजार के पार पहुंच गई है। प्रतिदिन संक्रमित मामलों और मौतों के ग्राफ में बढ़ोतरी हो रही है। अब तक प्रतिदिन औसतन 1-2 मौतें हुई हैं और पिछले एक हफ्ते में यह आंकड़ा तेजी से बढ़ा है।
देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना संक्रमण के प्रसार को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में रैपिड और आरटीपीसीआर कोविड टेस्टिंग बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसमें खासतौर पर बाहर से आने वाले यात्रियों की सेहत पर अधिक नजर रखी जा रही है। संक्रमितों के संपर्क मामलों को तेजी से ढूंढने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- वो विश्व प्रसिद्ध दरगाह जहां रखा है पैगंबर मोहम्मद का बाल, यहां पूरी होती है हर दुआ
कोविड से हालात सामान्य होने पर शहर के साइकाइट्री अस्पताल को डिनोटिफाइड कर दिया गया, लेकिन अभी भी सीडी और गांधीनगर का पुराना अस्पताल कोविड अस्पताल के रूप में काम कर रहा है। इसके अलावा गांधीनगर का नया जच्चा-बच्चा अस्पताल भी कोविड अस्पताल के रूप में काम कर रहा है।
इससे डिनोटिफाइड हो चुके अस्पतालों में कोविड चिकित्सा देखभाल को लेकर दोबारा सोचा जा सकता है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन लोगों से लगातार अपील कर रहा है कि कोविड गाइडलाइन का अच्छी तरह से पालन करें। नियमों का उल्लंघन किसी को भी भारी पड़ सकता है।