जम्मू-कश्मीर में गत मार्च के बाद अप्रैल में कोविड संक्रमण के प्रसार में तेजी से इजाफा हुआ है। वर्तमान में प्रतिदिन 800 तक नए संक्रमित मामले मिल रहे हैं। इसमें श्रीनगर और जम्मू जिला सबसे अधिक प्रभावित हैं। संक्रमण का प्रसार बढ़ने के साथ रिकवरी दर कम हुई है।
मार्च के शुरू में यह दर 97.7 फीसदी तक पहुंच गई थी, जो अब घटकर 94 फीसदी आ गई है और इसमें लगातार गिरावट हो रही है। इसी तरह मार्च के शुरू में प्रदेश में कोविड सक्रिय मामलों की दर सिर्फ 0.65 फीसदी रह गई थी जो मौजूदा 4.48 फीसदी तक पहुंच गई है।
जम्मू कश्मीर में मौजूदा कोविड मृत्युदर 1.48 फीसदी है। हालांकि, मार्च के मुकाबले इसमें थोड़ी गिरावट है। नए संक्रमित मामलों के साथ इन सभी दरों में तेजी से गिरावट आ रही है। मार्च के शुरू में जम्मू कश्मीर में कुल 126504 मामलों पर 829 ही सक्रिय मामले थे, जो मौजूदा 6 हजार से ऊपर चले गए हैं।
इनमें गंभीर मरीजों की जीएमसी सहित अन्य लेवल 1 कोविड अस्पतालों में भर्ती संख्या बढ़ती जा रही है। कोविड की दूसरी लहर में सक्रिय मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है, जबकि रिकवरी मामलों में उतनी तेजी नहीं आई है। इसी तरह मार्च से अब तक प्रदेश में 65 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है।
हालांकि, मार्च में मृत्युदर 1.54 फीसदी था। रिकवरी दर में गिरावट के साथ सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य और प्रदेश प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मार्च से अब तक 4615 संक्रमित मरीज ही ठीक हुए हैं।