रियासत में टीकाकरण अभियान को तेज करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से 13 वैक्सीन वैन मुहैया करवाई गई हैं। इनमें जम्मू के सात जिलों को सात और बाकी कश्मीर के जिलों के लिए वैन भेजी जाएंगी।
इस आधुनिक वैन से दूरवर्ती क्षेत्रों में पर्याप्त तापमान के बीच वैक्सीन को पहुंचाने में मदद मिलेगी। सोमवार को नगरोटा फैमिली वेलफेयर विभाग के कार्यालय में स्वास्थ्य मंत्री द्वारा इन वैन को जनता को समर्पित करना प्रस्तावित है।
परिवार कल्याण विभाग के निदेशक डा. बलदेव राज शर्मा का कहना है कि स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों से राज्य के सभी जिलों में वैन उपलब्ध करवाई गई हैं।
राज्य में दूसरे चरण में बोलेरो महेंद्रा के रूप में 13 वैन लाई गई हैं। इसमें प्रति वैन की कीमत 6.16 लाख रुपये हैं। इससे पहले फोर्स की 9 वैन मंगवाई गई थी, जिसमें तीन ही जम्मू को मिली थीं। दूसरे चरण में जम्मू संभाग के कठुआ, रियासी, उधमपुर, किश्तवाड़, सांबा, जम्मू और रामबन में वैन मुहैया करवाई जाएगी।