आल इंडिया काउंसिल फार टेक्नीकल एजूकेशन की ओर से रियासत के विद्यार्थियों के लिए प्रधानमंत्री स्पेशल स्कालरशिप स्कीम की काउंसिलिंग का दूसरा राउंड आज सुबह नौ बजे के साथ शुरू होगा। काउंसिलिंग का दूसरा राउंड सुबह से शुरू होगा जो देर शाम सवा छह बजे तक चलेगा।
पिछले दिनों बंद के कारण स्थगित हुए काउंसिलिंग का राउंड शनिवार से शुरू किया जा रहा है जो अगले सप्ताह ग्यारह अगस्त मंगलवार तक चलेगा। काउंसिलिंग सत्र के पहले दिन शनिवार को बारह सौ से भी ज्यादा के करीब विद्यार्थी अपने दस्तावेजों के साथ विवि कैंपस में पहुंचेंगे।
काउंसिल की ओर से जम्मू यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित कंप्यूटर साइंस विभाग के सेमिनार हाल में काउंसिलिग का आयोजन किया जाएगा। काउंसिलिंग की प्रक्रिया पहले, दूसरे, तीसरे और चौथे सेशन के अंतर्गत आने वाले रोल नंबरों वाले विद्यार्थियों के अनुसार की जाएगी।
गौरतलब है कि इस स्कालरशिप के पहले राउंड के तहत इंजीनियरिंग की ढाई सौ के करीब विद्यार्थियों का चयन हो चुका था। वहीं इसके बाद अब अन्य सामान्य कोर्सों के लिए विद्यार्थियों की काउंसिलिंग शनिवार से शुरू होगी जिन्हें देश के विभिन्न राज्यों में स्थित प्रतिष्ठित कालेजों में दाखिला मिलेगा।