जम्मू संभाग में भीषण बाढ़ के कारण जम्मू यूनिवर्सिटी की कक्षाएं आज नहीं लगेंगी। हालांकि सभी दफ्तर खुले रहेंगे। वहीं, सोमवार तथा मंगलवार को होने वाले सभी इम्तहान स्थगित कर दिए गए हैं। वहीं बताया जा रहा है कि फिर से परीक्षाओं को लेकर डेट घोषित किए जाएंगे। दूसरी ओर दस सितंबर से आयोजित होने वाले डिसप्ले योर टैलेंट प्रोग्राम पर भी असर पड़ने की आशंका बनी हुई है, जबकि सोलह सितंबर को होने वाले विशेष दीक्षांत समारोह के लिए भी आज एक बार फिर से विचार किया जा सकता है।
मौसम, बाढ़ तथा तबाही के कारण जम्मू यूनिवर्सिटी में होने वाले इम्तहान जहां स्थगित किए गए हैं वहीं, डिसप्ले योर टैलेंट को लेकर भी आज एक बार फिर से विचार किया जाएगा, जबकि विशेष दीक्षांत समारोह के लिए भी आज यूनिवर्सिटी कोर कमेटी पुनर्विचार करेगी। उल्लेखनीय है कि जम्मू यूनिवर्सिटी में एक ओर जहां दस सितंबर से डिसप्ले योर टैलेंट की तैयारियां जोरों पर थीं, उस पर बिगड़े मौसम से उत्पन्न विपरीत हालात से संकट आने के आसार बन रहे हैं।
इस संबंध में जम्मू यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो. मनोज धर का कहना है कि आगामी दो दिनों सोमवार तथा मंगलवार को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इनके लिए बाद में डेटशीट जारी की जाएगी, जबकि सोमवार को लगने वाली कक्षाएं भी स्थगित रहेंगी। डिसप्ले योर टैलेंट तथा सोलह सितंबर को होने वाले विशेष दीक्षांत समारोह के लिए सोमवार को पुनर्विचार किया जाएगा।