सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने पुलवामा हमले में बलिदान हुए 40 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने 2019 के पुलवामा हमले में बलिदान हुए 40 जवानों को याद करते हुए कहा कि यह सीआरपीएफ और पूरे देश के लिए बेहद भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि हम उस स्थान पर एकत्रित हुए हैं, जहां हमारे वीर जवानों ने अपने प्राण न्योछावर किए।
विज्ञापन
डीजी ने बताया कि सीआरपीएफ और सीआरपीएफ फैमिली वेलफेयर सोसाइटी बलिदानियों के परिवारों के साथ हमेशा खड़ी है। परिवारों की मदद के लिए कई पहल की गई हैं, जिनमें आवास आवंटन और शिक्षा खर्च की पूरी जिम्मेदारी शामिल है। अब तक 19 परिवारों को स्थानीय ग्रुप सेंटरों में मकान दिए गए हैं, और कई परिवारों को जमीन भी दी गई है। सभी बच्चों की शिक्षा पूरी तरह से सीआरपीएफ और फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा सुनिश्चित की जाती है। जवानों के बच्चों को उनके वयस्क होने पर नियुक्तियां भी दी जाती हैं।
डीजी ने बताया कि बलिदान परिवारों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए वीर परिवार ऐप भी लॉन्च किया गया है। 2025 में ऑपरेशन के दौरान बलिदान हुए 8 जवानों के परिवारों का भी व्यक्तिगत रूप से दौरा किया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। सीआरपीएफ आतंकवाद के सभी रूपों को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और बलिदान जवानों तथा उनके परिवारों के लिए हमेशा खड़ा रहेगा।