रियासत में आजादी-70 के तहत भाजपा की तिरंगा यात्रा को पीएमओ में केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह, सांसद जुगल किशोर, केंद्रीय राज्य गृह मंत्री किरण रिजिजू लीड करेंगे।
इसमें डोडा-उधमपुर संसदीय क्षेत्र में डा. जितेंद्र और जम्मू-पुंछ संसदीय क्षेत्र में सांसद जुगल किशोर कमान संभालेंगे। पार्टी के त्रिकुटा नगर कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इसमें पार्टी नेताओं को संबंधित क्षेत्रों में यात्रा सफल बनाने के लिए कार्यभार सौंपा गया।
सत शर्मा ने बताया कि डा. जितेंद्र सिंह 13 अगस्त को घग्वाल, हीरानगर से तिरंगा यात्रा की शुरुआत करेंगे। सांसद जुगल किशोर त्रिकुटा नगर कार्यालय से 15 अगस्त को यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।
दोनों यात्राएं संसदीय क्षेत्रों से होती हुई पं. प्रेमनाथ डोगरा भवन और उधमपुर में संपन्न होंगी। लेह में 14 अगस्त को केंद्रीय राज्यमंत्री किरण रिजिजू के साथ स्थानीय सांसद थुपस्तान चिवांग और सीईसी डा. सोनम दावा कमान संभालेंगे।
पार्टी के उपप्रधान युद्धवीर सेठी को जम्मू-पुंछ और महासचिव पवन खजूरिया को डोडा-उधमपुर संसदीय क्षेत्र का इंचार्ज बनाया गया है। इस दौरान महासचिव (आयोजक) अशोक कौल ने जिला स्तर पर इंचार्ज और सह इंचार्ज नियुक्त किए।