काजीगुंड फायरिंग में बीती शाम जख्मी हुई एक और महिला नीलोफर ने दम तोड़ दिया। इस घटना में मरने वालों की कुल तादाद तीन हो गई है। गुस्साए लोगों ने तीनों शव सड़क पर रखकर सेना के खिलाफ प्रदर्शन किया। कश्मीर के सभी जिलों में कर्फ्यू जारी है।
अलगाववादियों द्वारा 20 जुलाई को काला दिवस मनाने की घोषणा के मद्देनजर सुरक्षा बलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है। काला दिवस के विरोध में जम्मू संभाग में कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए। मोबाइल इंटरनेट तथा रेल सेवाएं 12 दिन से ठप हैं। बीएसएनएल को छोड़कर अन्य सभी मोबाइल कंपनियों की सेवाएं ठप हैं।
सेना ने खेद जताया, जांच के आदेश
सेना ने काजीगुंड फायरिंग की घटना पर खेद जताते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। सेना ने घटना को दुखद बताते हुए मृतकों तथा घायलों के परिवारवालों को हरसंभव सहायता देने की घोषणा की है।
फायरिंग में तीन लोगों की मौत और छह अन्य के घायल होने पर सैन्य प्रवक्ता का कहना है कि सेना के वाहन पर भीड़ के हमले, पथराव तथा हथियार छीनने की कोशिश के बाद मजबूरन फायरिंग करनी पड़ी।