चांदियां घाट पर अचानक बढ़ा जलस्तर, सैकड़ों लोग मौके पर जुटे, सेना, पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया संयुक्त अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। चिनाब नदी के चांदियां घाट पर शनिवार रात अचानक बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के बीच फंसे तीन युवकों को करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। युवकों के नदी के भीतर फंसने की सूचना मिलते ही अखनूर पुलिस, भारतीय सेना और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। तीनों युवकों की पहचान मंटू कुमार, सोनू और मन्नू, निवासी सप्लाई मोहल्ला अखनूर के रूप में हुई है।
शनिवार रात करीब 8 बजे तीनों युवक चांदियां घाट पर चिनाब नदी के किनारे पत्थर पर बैठे थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तेज बहाव के कारण तीनों युवक नदी के भीतर फंस गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अखनूर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सेना तथा एसडीआरएफ को सूचित किया गया।
इसके बाद कमांडेंट विनीत जगदेव के नेतृत्व में 8 जैक राइफल्स, थाना प्रभारी अखनूर सुशील चौधरी व थाना प्रभारी घरोटा राकेश वर्मा अपने जवानों के साथ, सेना की 235 इंजीनियर यूनिट के जवानों और इंचार्ज सुरिंदर सिंह की अगुवाई में एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तेज बहाव और अंधेरे के बीच बचाव दल ने करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत की और आखिरकार तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हालांकि तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन वे देर शाम चिनाब नदी के भीतर आखिर क्या कर रहे थे और किन परिस्थितियों में वहां फंसे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसके अलावा नदी का जलस्तर अचानक क्यों बढ़ा और पानी का बहाव इतना तेज कैसे हुआ, इसकी भी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। युवकों के नदी के भीतर जाने और अचानक जलस्तर बढ़ने की परिस्थितियां फिलहाल जांच का विषय बनी हुई हैं।
भारतीय सेना जिंदाबाद के लगाए नारे
रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों से सैकड़ों लोग चिनाब नदी के किनारे जमा हो गए। सभी की निगाहें बचाव दल पर टिकी रहीं। जैसे ही तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और भारतीय सेना जिंदाबाद, जम्मू-कश्मीर पुलिस जिंदाबाद और एसडीआरएफ जिंदाबाद के नारे लगाकर बचाव दल का उत्साह बढ़ाया।
राहुल और संजीव ने भी दिखाई बहादुरी
रेस्क्यू अभियान में सेना, पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों के साथ पक्का डंगा निवासी राहुल डोगरा और चंदियां निवासी संजीव कुमार ने भी अहम योगदान दिया। दोनों स्थानीय युवकों ने बचाव दल के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया।