चोरी किया गया ई रिक्शा, टायरों से लदी इनोवा कार: स्रोत पुलिस
-इनोवा कार में आए थे तीनों, चोरी की ई रिक्शा भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। खड़े वाहनों के टायर चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 15 वाहनों के चोरी किए गए टायर भी बरामद किए गए हैं। इन टायरों को एक इनोवा कार में रखा गया था।
यह तीनों शातिर सोमवार को एक दुकान के बाहर वाहन के टायर चोरी करने पहुंचे थे। दुकान के मालिक ने सीसीटीवी में इन्हें देखा और पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही गुज्जर नगर पुलिस चौकी प्रभारी माजिद पुलिस टीम के साथ पहुंचे और तीनों को दबोच लिया। आरोपियों में कुंजवानी का रहने वाला शक्ति कुमार (मूल रूप से रामबन निवासी), माजिद कटोच और इरफान भट्टी निवासी उस्ताद मोहल्ला जम्मू शामिल हैं। इन पर चोरी का मामला दर्ज किया गया है।
यह लोग इनोवा कार (जेेके02बीबी 1681) में आए थे। जिसकी अगली सीट छोड़कर सब जगह पर वाहनों के टायर लदे हुए थे। पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि वह 15 वाहनों के टायर अब तक चुरा चुके हैं। इनके द्वारा एक ई रिक्शा (जेके02डीजे 2080) भी चोरी की गई थी, जिसे भी बरामद कर लिया गया है। गुज्जर नगर चौकी प्रभारी माजिद का कहना है कि आरोपियों ने अलग अलग जगहों पर वाहनों के टायर चोरी किए हैं। इनके पास से चोरी का और सामान भी बरामद हो सकता है।
चोरी किया गया ई रिक्शा, टायरों से लदी इनोवा कार: स्रोत पुलिस