कश्मीर के अवंतीपोरा पुलिस ने आतंकियों के मददगारों को पकड़ कर आतंकी माड्यूल का भंडाफोड़ किया है। 9 मददगारों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में गोला बारूद भी बरामद किया गया है। अब मामले में आगे की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस कई दिनों से आतंकियों के मददगारों पर नजर बनाए हुए थी। जांच के दौरान अब पुलिस ने नौ लोगों को पकड़ा है। इनमें पांच की पहचान रिजवान अहमद, शाहिद मंजूर, जाहिद अहमद, मोहम्मद हुसैन तथा मंजूर अहमद के रूप में हुई है। पुलिस को पता चला कि वह इलाके में आतंकियों के लिए काम करते थे। वह आतंकियों को काफी सामान जमा करके देते थे। इतना ही नहीं वह आतंकियों को सूचनाएं देने का भी काम करते थे।
जांच में सामने आया है कि अवंतीपोरा का रहने वाला रिजवान इस माड्यूल का मास्टरमाइंड और हेड है। वह युवाओं की आतंकी संगठनों के लिए भर्ती करता है। उफैद फारूक को आतंकी संगठन में शामिल भी उसी ने कराया। आरोपियों ने नेशनल हाइवे पर हमले के लिए ग्रेनेड भी पहुंचाए थे।
इसके अलावा पुलिस ने शाहबाज अहमद और तौसीफ अहमद दोनों निवासी चरसू को गिरफ्तार किया है। दोनों दक्षिण कश्मीर में आतंकियों को गोला बारूद और अन्य सुविधाएं पहुंचाते थे। इनके दो अन्य साथियों गौवहर अहमद और शौकत अहमद निवासी खिरम को दबोचा गया। इन दोनों से पूछताछ करने के बाद आतंकी ठिकानों का पता चला है। यह ठिकाने पुलवामा, खिरम और खलान में हैं। इन ठिकानों से भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया गया है। सबके खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।