इससे पहले दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल में बृहस्पतिवार को हुई मुठभेड़ में मारे गए तीनों आतंकियों के नाम पहलगाम हमले के बाद जारी की गई सूची में हिट लिस्ट में शामिल थे। पहलगाम हमले के बाद आतंकियों के खिलाफ शुरू की गई कार्रवाई में इनके भी घरों को सुरक्षाबलों ने मिट्टी में मिला दिया था।
मारे गए आतंकी आसिफ अहमद शेख का घर पहले नंबर पर था। दक्षिण कश्मीर में दो अलग-अलग मुठभेड़ में छह स्थानीय आतंकवादियों के मारे जाने के साथ ही घाटी में सूचीबद्ध स्थानीय आतंकवादियों की संख्या घटकर सिंगल डिजिट में पहुंच गई है, जोकि 1990 के दशक में आतंकवाद शुरू होने के बाद से अब तक का सबसे कम आंकड़ा है। सूत्रों के अनुसार, घाटी में सक्रिय विदेशी आतंकवादियों की संख्या करीब 40 है।