दो भाजपा नेताओं की हत्या के बाद किश्तवाड़ में स्थिति काफी तनावपूर्ण है। सेना फ्लैग मार्च कर रही है। जिले में माहौल पर नजर रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी रैंक के तीन पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। इनमें शामिल एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।
सरकार की तरफ जारी आदेश में एसएसपी मनोहर सिंह, संदीप वजीर और फैजल कुरेशी को किश्तवाड़ की कानून व्यवस्था पर नजर रखने के लिए कहा गया है। इनमें संदीप वजीर पहले से ही किश्तवाड़ में मौजूद हैं। संदीप ने बताया कि उनसे कहा गया है कि वह क्षेत्र में नजर रखें। वह पहले से ही यहीं पर हैं। जम्मू संभाग के आईजी एसडी सिंह जमवाल और डोडा किश्तवाड़ रेंज के डीआईजी रफीक उल हसन को भी किश्तवाड़ में कैंप करने के लिए कहा गया है। एसएसपी संदीप वजीर ने अमर उजाला को फोन पर बताया कि इस समय हालात तनावपूर्ण जरूर हैं, लेकिन स्थिति काबू में हैं। कुछ लोगों ने हिंसा करने की कोशिश की थी, लेकिन स्थिति पर काबू पा लिया गया।
पांच जिलों में सिर्फ 2 जी की स्पीड से चला इंटरनेट
किश्तवाड़ की घटना के बाद प्रशासन की तरफ से पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट की स्पीड सिर्फ 2जी पर कर दी गई। इस घटना के वीडियो और अन्य बातें सोशल मीडिया पर वायरल न हों, इस वजह से 4जी और 3जी सेवाओं पर रोक लगा दी गई। जम्मू, सांबा, कठुआ, राजोरी और पुंछ जिले में मोबाइल इंटरनेट की स्पीड 2जी ही रही। बीच बीच में 4जी रिस्टोर करने की कोशिश की गई, लेकिन फिर से 2जी कर दी गई।