उधमपुर से पेशी के लिए जम्मू प्रिंसिपल सेशन कोर्ट में लाए गए हिस्ट्रीशीटर का अभी तक पता नहीं लग पाया है। सिंबल का रहने वाला दिलबाग सिंह शनिवार को कोर्ट से फरार हो गया था। तलाशी में रविवार को पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की, लेकिन कोई पता नहीं लग पाया। उधर, इस लापरवाही के चलते तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसमें एक एएसआई भी शामिल है।
दिलबाग सिंह एक कुख्यात अपराधी है। जिस पर हत्या का प्रयास करना, नशा तस्करी और कई अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में दिलबाग सिंह पर पुलिस की सिफारिश से पीएसए लगा दिया गया था। वह इस समय उधमपुर जेल में था।
शनिवार को दिलबाग सिंह को तीन पुलिसकर्मी उधमपुर जेल से जानीपुर स्थित जिला जज की कोर्ट में लेकर पहुंचे। जब पेशी खत्म हुई तो इसको वापस ले जाते वक्त पुलिस कर्मी टहलने लगे। पुलिस कर्मियों की सुस्ती का लाभ उठाकर दिलबाग मौके से फरार हो गया। कैदी के फरार होने से हड़कंप मच गया था।
आनन फानन पुलिस नाके लगाए गए लेकिन कैदी का कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। इस केस में पुलिस कर्मियों की लापरवाही को देखते हुए विभागीय जांच शुरू की गई थी। रविवार को एएसआई समेत तीन पुलिस कर्मियों के निलंबन आदेश जारी कर दिए गए। इन पुलिस कर्मियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है, जिन्हें शनिवार को ही जमानत भी मिल गई थी।