दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों ने तीन पुलिसकर्मियों को घर में घुसकर पीटने और नौकरी छोड़ने की धमकी देने का मामला सामने आया है। तीन पुलिसकर्मी नदपोरा गांव के हैं जो इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए हैं। आतंकियों ने धमकी दी है कि यदि उन्होंने जल्द ही नौकरी नहीं छोड़ी तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हालांकि, पुलिस की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। ज्ञात हो कि ये तीनों पुलिसकर्मी हाल ही में एसपीओ से प्रोन्नत हुए हैं।
अपने प्रमुख कमांडरों के मारे जाने से हताश आतंकियों ने सोमवार देर रात दक्षिण कश्मीर के शोपियां में तीन पुलिसकर्मियों को उनके घरों में घुसकर पीटा। जानकारी के अनुसार, हथियारों से लैस आतंकियों का एक दल नाडपोरा गांव में दाखिल हुआ था। आतंकियों ने पहले जहांगीर वागे नामक पुलिसकर्मी के घर दस्तक दी। उसके बाद फैजान वागे और दानिश बट के घर में दस्तक दी। आतंकियों ने इन तीनों पुलिसकर्मियों के घरों में दाखिल होकर पहले तोड़फोड़ की। उसके बाद तीनों को पीटा।
डेढ़ महीने में छुट्टी पर आए पांच सुरक्षाबलों की हो चुकी है हत्या
ईद के बाद लगभग डेढ़ महीने के अंदर आतंकियों द्वारा सैनिकों व पुलिसकर्मियों की अपहरण और हत्या की यह पांचवीं घटना है। इससे 21 जुलाई को आतंकियों ने पुलिस कांस्टेबल सलीम शाह की अपहरण कर हत्या कर दी थी। ईद पर घर आ रहे पुंछ निवासी सेना के जवान औरंगजेब की आतंकियों ने अपहरण के बाद 14 जून को हत्या कर दी थी। पांच जुलाई को दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में पुलिसकर्मी जावेद अहमद डार की भी अगवा करने के बाद हत्या कर दी गई थी। गत शुक्रवार की देर रात अपहृत पीएसओ को परिवारवालों की अपील पर 24 घंटे में शनिवार देर रात रिहा कर दिया था। शुक्रवार को आतंकियों ने दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके से एसपीओ मुदासिर अहमद लोन को अगवा कर लिया था। परिवार वालों की अपील का वीडियो वायरल होने के बाद आतंकियों ने 24 घंटे के भीतर शनिवार की देर रात उसे रिहा कर दिया। साथ ही वीडियो वायरल कर आतंकियों ने धमकी दी कि यदि शुक्रवार तक सभी एसपीओ ने नौकरी नहीं छोड़ी तो उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा।