फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में सेंध: हैकरों ने मुर्गी फाॅर्म के कमरे को बनाया था अपना अड्डा, तीन हिरासत में

Wed, 24 Dec 2025 11:54 AM IST
निकिता गुप्ता अमर उजाला नेटवर्क, सांबा

सार

सांबा में दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र के सर्वर में सेंध लगाने के लिए हैकरों ने पहले मुर्गियों वाले कमरे को किराये पर लिया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया और लैपटॉप, कंप्यूटर व सर्वर जब्त कर जांच जारी है।

 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सांबा के घगवाल में दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र के सर्वर में जिस कमरे में बैठकर सेंध लगाई गई उसमें पहले मुर्गियां पाली जाती थीं। किसी को शक न हो इसलिए हैकरों ने इस साधारण से कमरे को किराये पर लिया था। पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। एसआईटी के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस हरियाणा के पानीपत में तीन दिन से छापे मार रही है।

विज्ञापन


हैकरों ने जिस मकान को किराये पर लिया था वहां दो कमरे हैं। इनमें पहले पोल्ट्री फाॅर्म था। बाद में कुछ श्रमिक रहने लगे। अप्रैल 2025 में कंपनी ने परीक्षा केंद्र बनाने के लिए कैलवरी मिशन स्कूल की इमारत किराये पर ली तो इसी के साथ उसने स्थानीय व्यक्ति की मदद से स्कूल के पास ही एक कमरा भी किराये पर ले लिया था।

सूत्रों का दावा है कि परीक्षा में सेंध लगाने के मकसद से ही ये कमरा किराये पर लिया गया। ये षड्यंत्र कई माह से रचा जा रहा था। पहले वाईफाई का इस्तेमाल किया गया ताकि किसी को शक न हो। बाद में 25 अक्तूबर को केबल बिछाकर इसे परीक्षा केंद्र के सर्वर से जोड़ा गया।
विज्ञापन


पुलिस को छापे में कमरे से लैपटाॅप, कंप्यूटर के अलावा सर्वर भी मिला था। कमरा और निजी स्कूल दोनों सड़क के दोनों ओर हैं और सील हैं। दोनों के मालिकों पर पुलिस की नजर है। सूत्रों के अनुसार मकान के मालिक और स्कूल के मालिक से कई बार पूछताछ की गई है। हालांकि, पुलिस की एफआईआर में मकान एवं स्कूल मालिक का नाम नहीं है। अब एसआईटी टीम के लौटने के बाद अगला कदम उठाया जाएगा।

हिरासत में लिए तीनों लोग दूसरे राज्यों के निवासी
सूत्रों के अनुसार पूछताछ के लिए हिरासत में लिए तीनों लोग दूसरे राज्यों के हैं। पुलिस अधिकारी आधिकारिक ताैर पर इस बारे में कुछ नहीं बता रहे हैं। उनका कहना है कि नाम सामने लाने से जांच प्रभावित होगी। सूत्रों के अनुसार घगवाल पुलिस थाना प्रभारी हरियाणा में एसआईटी टीम के साथ हैं। पुलिस ने परीक्षा केंद्र बनाए गए स्कूल में काम करने वाली महिलाओं को थाने में बुलाया था और पूछताछ की है।

अब नए बने केंद्र में हो रही परीक्षा
निजी स्कूल की इमारत को सील किए जाने के बाद भर्ती परीक्षा एजेंसी ने परीक्षा केंद्र को सांबा जिले में ही रामगढ़ के विमल मुनि कॉलेज में शिफ्ट किया है। यहां पर दिल्ली पुलिस की परीक्षा जारी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस इस नए परीक्षा केंद्र की गहन निगरानी कर रही है।
 
विज्ञापन

परीक्षा में सेंध : हैकरों के निशाने पर थे 16 कंप्यूटर
दिल्ली पुलिस में भर्ती परीक्षा में सेंध लगाने के लिए हैकरों के निशाने पर परीक्षा केंद्र के 16 कंप्यूटर थे। हैकरों की ओर से इन्हीं कंप्यूटरों को रिमोट से एक्सेस पर लेने की बात कही जा रही है। सारा सच इन्हीं कंप्यूटरों में कैद है। इनकी जांच फॉरेंसिक टीम जम्मू (एफएसएल) कर रही है।

10 से 15 दिनों में रिपोर्ट आने की उम्मीद है। सांबा के घगवाल में दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए बनाए केंद्र में 15 दिसंबर को सेंध लगाने का मामला सामने आया था। इसका पर्दाफाश 16 दिसंबर को हुआ था। परीक्षा केंद्र बंद हो चुके निजी स्कूल की इमारत में बनाया गया था। इसके पास ही सड़क के दूसरी ओर एक कमरे से केबल बिछाकर परीक्षा केंद्र के सर्वर में सेंध लगाई गई थी।

इस परीक्षा में राजस्थान, हरियाणा समेत कई अन्य राज्यों के अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। मामला सामने आने पर पुलिस ने केंद्र के सभी कंप्यूटरों व सर्वर को जब्त कर लिया था। इनकी जांच जम्मू का साइबर सेल व एफएसएल कर रही है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स अब यह पता लगा रहे हैं कि इन कंप्यूटरों में कोई सॉफ्टवेयर डाला गया था या फिर कोई डिवाइस फिट की गई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें