आरएस पुरा सेक्टर स्थित एएमके पोस्ट के पास बीएसएफ के जवानों ने निक्की तवी के रास्ते पाकिस्तान में घुसने का प्रयास कर रहे तीन बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान मोहम्मद जहांगीर (18) पुत्र सुल्तान, मोहम्मद अली (18) पुत्र नूर-उल-दीन दोनों निवासी जेलीपीर मियां डाकघर सुन्नामंजी और अब्दुल करीम (20) पुत्र अब्दुल तनदीम निवासी जतबाबरी, डाकघर शातून जिला सिलहट के रूप में हुई है।
थे।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात्रि करीब दो बजे सीमा सुरक्षा बल के जवान गश्त पर थे। इस दौरान निक्की तवी के पास पाकिस्तान में घुसने के लिए पहुंचे तीनों बांग्लादेशी युवकों गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनके पास से दो स्मार्ट फोन, 630 रुपये की भारतीय करेंसी व बांग्लादेश के पांच सिक्के बरामद किए गए। बीएसएफ की ओर से पूछताछ जारी है।
पहले भी होते रहे हैं प्रयास
आरएस पुरा सेक्टर स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा से पाकिस्तान में घुसने के पहले भी प्रयास होते रहे हैं। इसमें कई बांग्लादेशियों को गिरफ्तार जा चुका है। सोमवार देर रात को हुई घटना काफी सालों बाद हुई है। सनद रहे कि पश्चिम बंगाल से भारत में पहुंचने के बाद यहां पर सक्रिय एजेंट उन्हें अवैध रूप से पाकिस्तान भेजने के लिए जम्मू लाते हैं। तीन साल पहले एक कालू नामक एजेंट को जम्मू पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उक्त एजेंट बांग्लादेशी नागरिकों को ट्रेन से जम्मू तक लाने का धंधा करता था। अब एक बार फिर से तीन बांग्लादेशियों के गिरफ्तार होने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।