अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सेंट्रल जेल कोट भलवाल में स्मार्टफोन मिलने की घटना आम हो गई है। सोमवार को जेल में कैदियों की बैरक से मोबाइल मिलने से पहले भी जेल से मोबाइल फोन मिले हैं। जनवरी में कोट भवाल जेल से दो स्मार्टफोन मिले थे। इसमें एक मोबाइल फोन तो जेल में बंद आतंकी के पास से मिला था।
दस जनवरी को कोट भलवाल जेल में दो मोबाइल मिलने से हड़कंप मंच गया था। तब कैदियों द्वारा मोबाइल फोन उपयोग किया जाना सुरक्षा में बड़ी चूक माना गया था। हालांकि इस मामले में जेल विभाग की ओर से आगे क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी नहीं दी गई। इससे पहले मई 2023 में भी कोट भलवाल जेल की दीवार के पास मोबाइल फोन मिला था। जुलाई 2021 में भी जेल में मोबाइल फोन और सिमकार्ड मिला था। कैदियों द्वारा मोबाइल फोन इस्तेमाल किए जाने की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस और अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के एक दल ने छापे मारे थे, जिसमें 12 मोबाइल फोन और सिमकार्ड बरामद किए गए थे। उच्च सुरक्षा वाली कोट भलवाल जेल में मोबाइल मिलने की एक के बाद एक घटना से सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं। बीत दो महीने में जेल में मोबाइल फोन, नशा की खेप मिलने से जुड़े छह मामले दर्ज किए गए हैं। 22 नवंबर 2023 को जेल के अंदर हेरोइन मिली थी। 28 नवंबर को भी नशे की खेप मिली थी, जिसे जेल की दीवार के बाहर से फेंका गया था। दो जनवरी को जेल के अंदर परिसर में मोबाइल फोन मिला था। नौ जनवरी को एक कैदी के पास, जबकि खाली स्थान से दो मोबाइल फोन मिले थे। इसी तरह 11 जनवरी को मोबाइल फोन मिला था।