पीडीपी की अध्यक्षा महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को कहा, ‘अगर हम आतंकी समूहों को अपनी सीमा से दूर रखना चाहते हैं तो भारत को पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के साथ हाथ मिलाना चाहिए।’
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ बातचीत करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में वह इस सवाल का जवाब दे रही थीं कि सात नवंबर को जब प्रधानमंत्री ने श्रीनगर की रैली में कहा था कि कश्मीर पर उन्हें किसी की सलाह की जरूरत नहीं है तो यह पीडीपी को बुरा लगा था या नहीं।
पीडीपी अध्यक्ष ने कहा, ‘लोग अनुभवों से धीरे-धीरे सीखते हैं। जैसा कि आप जानते हैं जम्मू-कश्मीर अन्य राज्यों की तरह नहीं है। भारत के साथ पाकिस्तान के संबंधों का हम पर सीधा असर होता है। जब हम पाकिस्तान की बात करते हैं तो हम परिप्रेक्ष्य से बाहर की बात नहीं करते।
आप इसे टाल सकते हैं, इसमें विलंब कर सकते हैं लेकिन, अंतत: आपको ऐसा ही करना होगा जैसा कि सुषमाजी ने वहां जाकर किया क्योंकि हमें आईएसआईएस और अलकायदा जैसे खतरे से लड़ना है।’