अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मंदिरों में शातिरों द्वारा चोरी करने की वारदात तो आम है, लेकिन अब बच्चे भी चोर बन रहे हैं। बख्शी नगर स्थित दुर्गा मंदिर में दो बच्चे चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। शायद ऐसा पहली बार है, जब बच्चों की ओर से मंदिर में चोरी करने का मामला सामने आया है।
पुजारी मनोज तिवारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर कुछ देर के लिए किसी काम से निकले थे। मोबाइल फोन मां दुर्गा की मूर्ति के सामने पड़ा था। लौटे तो देखा कि फोन गायब है। साथ ही मूर्तियों के आगे रखे पैसे भी नहीं थे। जब सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पाया कि दो बच्चे आए और मोबाइल फोन एवं नकदी लेकर चले गए। पुजारी ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि पुजारी का कहना है कि इससे पहले उक्त बच्चों को कभी मंदिर के आसपास नहीं देखा।