सांबा। जिले के नड ब्लॉक में बीती रात चोरों ने चार दुकानों में सेंधमारी कर हजारों रुपये की सामग्री व नगदी पर हाथ साफ किया है। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह सांबा पुलिस के पास नड के कुछ दुकानदारों ने शिकायत दर्ज करवाई कि बीती रात उनकी दुकानों के ताले तोड़ कर चोरों ने हजारों रूपए के सामान व नगदी पर हाथ साफ किया है।
दुकानदारों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गोपाल दास पुत्र अमरनाथ की दुकान से पांच हजार रुपये नकद व किराना का सामान, मुकेश कुमार पुत्र बंसीलाल की किराना की दुकान से 35 हजार रुपये नगद, रमेश कुमार पुत्र बंसीलाल के फोटो स्टूडियो से 55 हजार रुपये नगद, एक डिजिटल कैमरा व पेन ड्राईव और विजय कुमार पुत्र भूरी राम की किराना दुकान से 36 हजार रुपये नगद व 30 सिगरेट की पेटी चोरी हुई हैं। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए घटना स्थल पर जाकर उंगलियों के निशान सहित अन्य सुराग एकत्रित किए। इस सदंर्भ में मामला दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है।