जम्मू। शहर में लॉकडाउन के दौरान चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। कहीं पर घरों के बाहर पार्क बाइकों को चोरी किया जा रहा है तो कहीं किराना दुकानों से चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। मुट्ठी में घर के बाहर पार्क बाइक को चोरी कर लिया गया है। पुलिस स्टेशन दोमाना में कुलदीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि नंद पब्लिक स्कूल के बाहर बाइक खड़ी की थी, जिसे किसी ने चोरी कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस चोरों का पता लगा रही है। उधर, मनवाल में किराने की दुकान में ताला तोड़कर खाने पीने की वस्तुओं को चोरी किया गया है। दुकानदार बोध राज निवासी सगून ने बताया कि वह दुकान को बंद कर गया था। सुबह जब दुकान खोलने आया तो दुकान से सामान चोरी हो गया था। लगभग साठ हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है। पुलिस स्टेशन झझरकोटली में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, शहर में इन दिनों हर जगह पर पुलिस का पहरा है। इसके बावजूद भी चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।