विजयपुर के 17 माइल्स क्षेत्र की घटना, पुलिस कर रही जांच
विजयपुर रहाया केवी स्कूल के सामने खड़ा ट्रक भी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
विजयपुर। कस्बा विजयपुर के 17 माइल्स क्षेत्र में वीरवार रात को चोरों ने आयंश मेडिकल स्टोर में सेंध लगाई। वे दुकान से एक लैपटॉप और कुछ नकदी लेकर फरार हो गए। उनकी यह हरकत दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है।दुकान मालिक रवि कुमार ने बताया कि रात को दुकान बंद कर वह घर गए। सुबह जब दुकान खोली तो सामान बिखरा मिला। उन्होंने बताया कि चोर दुकान में से एक लैपटॉप और सात हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर गए हैं। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और चोरी का मामला दर्ज किया है। इसी के साथ विजयपुर रहाया केवी स्कूल के सामने से भी चोर एक ट्रक (जेके02जी-4443) लेकर फरार हो गए। ट्रक के मालिक सलीम मोहम्मद ने बताया कि ट्रक का चालक फेरा लगाकर रात को ट्रक खड़ा कर घर गया। दो दिन से ट्रक वहीं खड़ा था। लेकिन, अब नहीं है। पहले सोचा कि चालक ही ट्रक ले गया होगा। लेकिन, उसने बताया कि वह नहीं ले गया। इसकी शिकायत थाने में की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।