मणिपुर में तैनात है जवान, बच्चों के साथ पत्नी गई थी मायके
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। क्षेत्र की कन्हाल पंचायत के गांव चक झराला में मंगलवार को चोरों ने सेना के एक जवान के घर में सेंध लगाई। मौका पाकर वे घर में रखे सोने और चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। साथ ही उन्होंने रसोई में रखा एक गैस सिलिंडर भी चुरा लिया।
वारदात का शिकार हुईं रीता कुमारी (35) पत्नी राकेश कुमार ने बताया कि उनके पति सेना के जवान हैं, जो मौजूदा समय में मणिपुर में तैनात हैं। रीता ने बताया कि वह घर पर अपने दो बच्चों के साथ अकेली रहती हैं। वह 31 दिसंबर को अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके गई थीं। 2 दिसंबर को सुबह लगभग 11 बजे जब वह घर आईं तो देखा कि घर के बाहर सब ठीक था। गेट का ताला भी नहीं टूटा था। लेकिन, गेट के अंदर आकर देखा तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। रीता ने बताया कि चोर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए और मुख्य दरवाजे के ताले को तोड़कर घर में चोरी की। चोरों ने अलमारी और संदूक को तोड़कर उसमें रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। इसके अलावा चोरों ने घर में अन्य सामान को भी खंगाला होगा। चोर रसोई में रखा एक गैस सिलिंडर भी ले गए। रीता कुमारी ने पुलिस प्रशासन से चोरों को गिरफ्तार कर उनके घर से चोरी किए सामान को जल्द बरामद करने की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर चोरों की तलाश तेज कर दी गई।