संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। बहादुर खां गांव में एक युवक ने गुस्से में अपनी मां को लाठी से पीट डाला। इसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। छोटे बेटे ने ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें ऑटो से मीरां साहिब पुलिस थाने पहुंचाया, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज की। इसके बाद उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि पोली देवी को उनका बड़ा बेटा पहले भी परेशान करता था। मंगलवार को उसने मां से रुपये मांगे। इससे मना करने पर उसने मां को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद भाग गया। छोटे बेटे को जब इसका पता चला, तो वह ग्रामीणों के सहयोग से मां को लेकर थाने पहुंचा। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
गांव के जगदीश राज ने कहा कि पोली देवी लोगों के घरों में काम कर गुजर-बसर करती हैं। मंगलवार को बड़े बेटे राहुल ने गुस्से में उन्हें बुरी तरह पीटा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में नशे के साथ आनलाइन सट्टा लग रहा। इस तरह की घटना के पीछे बड़ी वजह नशे की लत है। डॉ. मनोहर शर्मा ने कहा कि नशा करने वाला व्यक्ति किसी के साथ सहानुभूति नहीं रखता है, उसका मकसद नशे तक ही सीमित होता है।