बैनगलाड़ में सुरंग का पता लगने पर बीएसएफ ने जेसीबी मशीनरी से जांच शुरू की तो पाकिस्तानी रेंजर बिलबिला उठे। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने बीएसएफ की कार्रवाई पर आपत्ति जताना शुरू कर दी। कुछ देर के लिए काम भी रोकना पड़ा। हालांकि बाद में सुरंग का पूरा पता कर लिया गया।
वहीं, सुरंग के तार आतंकी हमलों से भी जुड़ रहे हैं। पुलवामा और नगरोटा बन टोल प्लाजा हमलों के बारे में पूछे जाने पर बीएसएफ के आईजी एनएस जमवाल ने कहा कि जांच की जा रही है। इस पर फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता है।
उधर सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार नगरोटा बन टोल प्लाजा पर हुई मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों की घुसपैठ को इसी सुरंग से जोड़कर देखा जा रहा है।
नगरोटा मुठभेड़ के बाद एनआईए की टीम ने भी मामले में पकड़े गए ट्रक चालक को बसंतर दरिया तक लाकर छानबीन की थी। एनआईए ट्रक चालक को साथ लेकर बैनगलाड़ की सीमा तक पहुंची थी।
जांच एजेंसी को ट्रक चालक ने बताया था कि आतंकी इसी क्षेत्र से उसके ट्रक में आए थे। सूत्रों के अनुसार सुरंग क्षेत्र से चक दयाला गांव की ओर पहुंचना भी आसान है।
सुरंग क्षेत्र से बसंतर दरिया एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। घुसपैठ कर आसानी से बसंतर दरिया तक पहुंचा जा सकता है। सुरंग का मुहाना खेतों में आ कर खुलता है, जिस पर किसी को शक भी नहीं होता है। इस क्षेत्र में किसान खेतीबाड़ी करते हैं।