तेज धूप से बचने के लिए छाता लेकर जाती महिला।
- फोटो : FILE PHOTO
रियासत में लगातार मौसम के साफ रहने से रविवार को जम्मू में दिन का पारा चालीस डिग्री को पार कर गया। यहां इस सीजन में अब तक का यह सबसे गर्म दिन रहा। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में भी पारे के 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने से यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
राज्य के सभी हिस्सों में दिन का पारा सामान्य से 5-6 डिग्री ऊपर चला गया है। घाटी में अमूमन ठंडे रहने वाले पहलगाम और गुलमर्ग में भी तपिश बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार 3-4 मई को बारिश के आसार हैं। लेकिन इसका असर घाटी में ज्यादा रहेगा। इस बीच न्यूनतम 1.7 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ कारगिल सबसे सर्द रहा।
मौसम विभाग श्रीनगर के निदेशक सोनम लोट्स के अनुसार आगामी दिनों में गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। जम्मू में चिलचिलाती धूप से कोई राहत नहीं मिल पाई है। भीषण गर्मी से सड़के सूनी पड़ गई हैं। लू के थपेड़े शरीर को झुलसा देने वाला काम कर रहे हैं। जम्मू में रविवार को दिन का पारा सामान्य से पांच डिग्री अधिक 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मिनी कश्मीर से विख्यात भद्रवाह में भी पारे में सामान्य से छह डिग्री उछाल के साथ पारा 30.5 डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि रात के न्यूनतम तापमान में अभी राहत है। रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का पारा सामान्य से छह डिग्री अधिक 28.1, श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में पांच डिग्री अधिक 24.7, विश्व विख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में चार डिग्री अधिक 18.2, लेह में 20.9 और कारगिल में 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।