सांबा। कोरोना वायरस के चलते हुए लॉकडाउन से गरीब लोग प्रभावित न हों, इसके लिए सांबा के हरि सिंह चौक में स्थित सरकारी राशन डिपो पर खाद्य आपूर्ति विभाग के सहायक निदेशक सांबा मुख्तार अहमद की मौजूदगी में केंद्र सरकार की चलाई प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना के तहत शुक्रवार को एएवाई, पीएचएच और बीपीएल कार्ड धारकों को निशुल्क राशन में प्रति व्यक्ति चार किलो आटा और एक किलो चावल वितरित किए गए।
मुख्तार अहमद ने बताया कि अब तक करीब 13 हजार लोगों को सांबा में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राशन वितरित किया गया है। अभी करीब 29 से 30 हजार राशन कार्ड धारक बचे हैं जिन्हें शीघ्र ही राशन दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निशुल्क राशन दो माह दिया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति सरकारी राशन से वंचित न रहे। इस योजना का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया और विभाग की प्रशंसा की। वहीं, टीएसओ ने कहा कि वह हर डिपो पर नजर रखे हुए हैं। कहीं कोई भी गरीब इस योजना से वंचित न रहे। हर गरीब को उसके हक का राशन मिले। इस मौके पर तहसीलदार सांबा रामपाल शर्मा, टीएसओ सांबा संदीप जंवाल, धीरज कुमार और सुरिंदर कुमार भी मौजूद रहे।