जम्मू/श्रीनगर। श्रीनगर एयरपोर्ट पर बुधवार को बड़ा हादसा होने से बच गया। बुधवार को दिल्ली से श्रीनगर आ रहा इंडिगो का विमान खराब मौसम के कारण हवा में हिचकोले खाने लगा। श्रीनगर एयरपोर्ट पर विमान की आपात लैंडिंग करानी पड़ी। ओलों की मार से विमान का अगला हिस्सा टूट गया। विमान में 227 यात्री सवार थे। इनमें तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का प्रतिनिधिमंडल भी सवार था। नागरिक उड्डयन निदेशालय (डीजीसीए) ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
विमान में सवार यात्रियों ने घटना का वीडियो भी साझा किया है। कहा जा रहा है कि पहले विमान हवा में हिचकोले खाने लगा। इससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, आपात लैंडिंग के बाद सभी यात्री सुरक्षित हैं।
पांच मिनट तक अटकी रहीं, सांसें, सब दुआ करने लगे
इंडिगो के विमान में सवार शेख समीउल्लाह (सीईओ फास्टबीटल) ने बताया कि पांच मिनट तक विमान सभी दिशाओं में भयानक रूप से हिचकोले खा रहा रहा था। ऊपर, नीचे, एक तरफ से दूसरी तरफ - एक रोलरकोस्टर की तरह। पांच मिनट तक विमान में सवार सभी यात्रियों की सांसें अटकीं रहीं। एक समय पर रडार ने दिखाया कि हम 35,000 से गिरकर 31,000 फीट पर आ गए। यह खाैफनाक मंजर था, ऐसा लगा... आज आखिरी दिन आ गया। सब दुआएं मांगने लगे। समीउल्लाह ने बताया, मैं अक्सर विमान में सफर करता हूं, लेकिन मुझे कभी भी ऐसे टर्बुलेंस (तीव्र विक्षोभ) का सामना नहीं करना पड़ा। जब हम आखिरकार उतरे और विमान के आगे के हिस्से को क्षतिग्रस्त देखा, तो चाैक गए। यह एक भयावह अनुभव था, जिसे हम कभी नहीं भूलेंगे। उतरने पर हमें अंदर ले जाया गया, नीचे एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं तैयार थीं।
सीट बेल्ट बांधने के बाद लगा-अचानक विमान ऊपर जाकर नीचे गिर रहा
शेख समीउल्लाह ने बताया कि शुरू में उड़ान में कोई हलचल नहीं थी। जम्मू या पठानकोट के पास पहुंचने तक आसमान साफ था। तभी चालक दल ने आगे रफी पैच की घोषणा की और हमसे अपनी सीट बेल्ट बांधने के लिए कहा। हमारे सीट बेल्ट लगाने के कुछ ही क्षण बाद विमान अचानक ऊपर की ओर बढ़ा, फिर नीचे गिर गया।