फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू: 'किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई ही बाबा जित्तो के प्रति श्रद्धा', एलजी ने किया झिड़ी मेले का शुभारंभ

Tue, 24 Nov 2026 05:39 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने झिड़ी मेले का शुभारंभ करते हुए कहा कि किसानों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना बाबा जित्तो के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
विज्ञापन
झिड़ी मेले का शुभारंभ करते एलजी सिन्हा - फोटो : एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऐतिहासिक झिड़ी मेले का मंगलवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विधिवत शुभारंभ किया। बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि किसानों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना ही बाबा जित्तो के प्रति सच्ची श्रद्धा होगी। बाबा जित्तो का संघर्ष केवल फसल के अधिकार तक सीमित नहीं था। वह मेहनतकश किसानों के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई थी। उनका संदेश जाति, वर्ग और समुदाय की सीमाओं से ऊपर है। बाबा का जीवन सत्य, साहस और न्याय की प्रेरणा देता है।

विज्ञापन
Trending Videos

उपराज्यपाल ने कहा कि देश की खाद्य सुरक्षा और समृद्ध परंपराओं में किसानों का योगदान महत्वपूर्ण है। हर व्यक्ति को उस किसान की मेहनत का सम्मान करना चाहिए, जिसकी बदौलत उसके घर की थाली तक भोजन पहुंचता है। जम्मू-कश्मीर में कृषि, बागवानी और डेयरी क्षेत्र में व्यापक बदलाव हो रहा है। होलिस्टिक एग्रीकल्चर डेवलपमेंट प्रोग्राम (एचएडीपी), आधुनिक बुनियादी ढांचे और फसल विविधीकरण से किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। छोटे और सीमांत किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने की जरूरत है।

अपनी डोगरा विरासत पर गर्व करें युवा, बुजुर्गों से लोककथाएं सुन परंपराओं को सहेजें
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने युवाओं से अपनी डोगरा पहचान, गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसकी जड़ों, परंपराओं और उन मूल्यों में होती है, जिन्हें पीढ़ियां अपने जीवन और अनुभवों से आगे बढ़ाती हैं।

एलजी ने कहा कि डोगरा समाज का इतिहास शौर्य, साहस, स्वाभिमान, मेहनत और अपनी मिट्टी के प्रति अटूट प्रेम की मिसाल रहा है। यहां की लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक त्योहार, खानपान और आपसी भाईचारे की परंपरा इस क्षेत्र की विशिष्ट पहचान हैं। इस विरासत को जानना, उस पर गर्व करना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना युवाओं की जिम्मेदारी है।

आज की पीढ़ी को अपने बुजुर्गों के साथ समय बिताना चाहिए। उनके पास बैठकर पुराने लोकगीत और लोककथाएं सुननी चाहिए। उनके जीवन के अनुभवों में डोगरा समाज का इतिहास, संघर्ष, सामाजिक मूल्य और जीवन जीने की सीख छिपी है। पहले गांवों और घरों में बुजुर्गों की सुनाई कहानियां ही बच्चों को अपनी मिट्टी, पूर्वजों और परंपराओं से जोड़ती थीं। इन परंपराओं को टूटने नहीं देना चाहिए। युवाओं को चाहिए कि वे इन गीतों, कहानियों और स्मृतियों को डिजिटल माध्यमों से संकलित और संरक्षित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित रह सकें। तकनीक केवल आधुनिकता का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी विरासत को दुनिया तक पहुंचाने का भी सशक्त जरिया बन सकती है।

उपराज्यपाल ने बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी की स्मृतियों से जुड़े झिड़ी मेले को डोगरा समाज की आस्था, स्वाभिमान और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया। बाबा जित्तो का जीवन अन्याय के सामने न झुकने, मेहनतकश किसान के अधिकारों के लिए संघर्ष करने और आत्मसम्मान की रक्षा का संदेश देता है। बुआ कौड़ी का त्याग और समर्पण इस विरासत के मानवीय पक्ष को सामने लाता है। इनकी स्मृतियां नई पीढ़ी को न्याय, समानता, साहस और मानवीय गरिमा जैसे मूल्यों से जोड़ती हैं। झिड़ी मेला केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक पहचान और साझा विरासत को याद करने तथा अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर भी है।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि प्रशासन झिड़ी मेले को और बेहतर बनाने तथा यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने विभिन्न सरकारी विभागों, कृषि उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और किसानों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का दौरा किया और उनकी गतिविधियों का जायजा लिया। मेले में बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के जीवन पर आधारित लघु नाटक तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनके संघर्ष, त्याग और विरासत को प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर सांसद जुगल किशोर शर्मा, विधायक सुरिंदर कुमार, विधायक प्रो. गारू राम भगत, अतिरिक्त मुख्य सचिव चंद्राकर भारती, मंडलायुक्त विकास कुंडल, आईजीपी तेजिंदर सिंह, डीआईजी श्रीधर पाटिल, उपायुक्त मिंगा शेरपा, एसएसपी जोगिंदर सिंह और नगर निगम आयुक्त आयुषी सूदन सहित अन्य अधिकारी, किसान और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें