सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू के छात्रावास में चर्चित फिल्म द केरल स्टोरी पर टिप्पणी को लेकर मेडिकल के दो छात्र गुट भिड़ गए। पांच छात्र घायल हुए हैं जिनमें से एक गंभीर है। उसके सिर में 12 टांके लगे हैं। हमले के विरोध में रविवार रात से सोमवार दोपहर तक प्रदर्शन चला। छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले में बख्शी नगर थाने में दो मामले दर्ज किए गए हैं।
एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे पहले वर्ष के विद्यार्थियों का व्हाट्सएप स्टडी ग्रुप बना है। इसमें रविवार की रात किसी ने द केरल स्टोरी फिल्म को लेकर टिप्पणी कर दी। इसके बाद दो गुट बहसबाजी के बाद भिड़ गए। प्रदर्शनकारी जूनियर छात्रों के अनुसार, रविवार रात साढ़े 9 बजे एक छात्र ने व्हाट्सएप स्टडी ग्रुप में केरल फिल्म का लिंक डाला और उसे देखने के लिए लिखा। अन्य छात्रों ने एतराज जताते हुए लिखा कि ग्रुप का एडमिन ही पोस्ट कर सकता है।
इस पर उक्त छात्र ने धमकाया कि अगर ऐसा हुआ तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने हॉस्टल में जूनियर्स के साथ मारपीट की। हमले में कुछ जूनियर छात्र भी शामिल थे। बाद में सीनियर बाहरी लोगों के साथ आए और फिर पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच पहले वर्ष के छात्र को बचाने आए अंतिम वर्ष के छात्र के सिर पर किसी ने रॉड मार दी। उसे खून से लथपथ हालत में जीएमसी पहुंचाया।
इसके बाद फिर दोनों गुट भिड़ गए जिस पर जूनियर छात्रों ने हॉस्टल से बाहर सड़क तक विरोध शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह से दोनों पक्षों को रोका। देर रात तक घटनाक्रम चलता रहा। सुबह जूनियर छात्रों ने दोबारा जीएमसी परिसर में पहुंचकर प्रदर्शन किया और दोपहर तक विरोध करते रहे।
सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्रीय आधार पर कुछ असामाजिक तत्व सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। एक माह पहले भी हॉस्टल में छात्र को कमरे में घुसकर पीटा गया था। बख्शी नगर पुलिस के अनुसार मारपीट के दो मामले दर्ज किए गए हैं। पहले मामले में धारा 147 (सांप्रदायिक दंगा), धारा 323 (मारपीट) और दूसरे केस में धारा 451 (बाहरी लोगों द्वारा हमला) व धारा 323 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच कर रही अनुशासनिक समिति
जीएमसी की प्रिंसिपल डॉ. शशि सूदन के अनुसार एंटी रैगिंग और अनुशासनिक समिति जांच कर रही है। पुलिस में भी मामला दर्ज करवाया है। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल छात्रों को समझाया है और वह मंगलवार से कक्षाओं में आ जाएंगे। सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
जीएमसी हॉस्टल में कुछ छात्रों और बाहरी लोगों के बीच हाथापाई हुई है। मामले का संज्ञान लिया है और जांच जारी है। -चंदन कोहली, एसएसपी जम्मू
भाजपा सांप्रदायिक आग भड़काने का काम कर रही-महबूबा
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने जीएमसी की घटना पर टिप्पणी करते लिखा-यह चौंकाने वाला है कि भारत सरकार सांप्रदायिक आग भड़काने वाली फिल्मों के माध्यम से हिंसा को प्रोत्साहन दे रही है। चुनावी लाभ के लिए भाजपा निर्दोष लोगों का खून बहाने से भी पीछे नहीं हटती है। उपराज्यपाल प्रशासन से अनुरोध है कि घटना पर कड़ा संज्ञान लें और आरोपियों को को दंडित करवाएं।
कश्मीरी छात्रों को निशाना बना रहे गुंडे -उमर अब्दुल्ला
नेकां उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू में कश्मीरी छात्रों को निशाना बना रहे गुंडा तत्वों की बहुत ही व्यथित करने वाली तस्वीरें हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस को इसका संज्ञान लेना चाहिए और जिम्मेदारों को कानून के दायरे में लाना चाहिए। उपराज्यपाल प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मामले को समयबद्ध तरीके से हल किया जाए। छात्रों को आश्वस्त किया जाए कि राजनीति के बदले उनकी सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। -
दोषियों पर हो कार्रवाई -पैंथर्स पार्टी
जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष विलक्षण सिंह ने एमबीबीएस छात्रों से मारपीट की घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है। इस घटना में शामिल छात्रों को कॉलेज से निष्कासित किया जाना चाहिए।
अनुशासनिक समिति ने आज बैठक बुलाई, जुटाए जाएंगे सबूत
जीएमसी जम्मू की एंटी रैगिंग व अनुशासनिक समिति ने मंगलवार की शाम तीन बजे कॉलेज में समिति की बैठक बुलाई है। इसमें यूजी हॉस्टल में छात्रों से मारपीट की घटना के सबूत जुटाए जाएंगे। इसमें घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, वायरल सोशल मीडिया फुटेज, वार्डन के बयान आदि शामिल होंगे। समिति में कई प्रिंसिपल, एचओडी सहित 12 सदस्य मौजूद रहेंगे। समिति की ओर से घटना से संबंधित छात्रों को फोन करके बुधवार को बुलाया जा सकता है, जिसमें उनके बयान लिए जाएंगे।
बिजली सप्लाई बंद करके अंधेरे में मारा -हसीब
घायल हसीब ने बताया कि मैं बीती रात कमरे में खाना खा रहा था। शोर सुनकर बाहर आया, तो कुछ छात्रों ने झड़प की। धक्कामुक्की हुई और मैं बाहर चला गया, मेरे होंठों पर चोट आई थी। मैं बाथरूम से एक तरफ खड़ा था, तभी किसी ने बिजली काट दी और अंधेरे में मेरे सिर पर ताला, कड़ा या अन्य कोई चीज से हमला कर दिया। इससे पहले भी कई बार बाहरी लोग हॉस्टल में आकर छात्रों पर हमला कर चुके हैं। मेरे साथ रैगिंग भी हुई थी। 2021 में भी इन्हीं छात्रों ने मारपीट की थी।
जेएंडके स्टूडेंट एसोसिएशन ने कहा- एसएसपी करें हस्तक्षेप
जेएंडके स्टूडेंट एसोसिएशन के अनुसार उन्हें जीएमसी जम्मू से फोन पर जानकारी दी गई कि किसी मुद्दे को लेकर हुई भिड़ंत में कई कश्मीरी छात्र घायल हुए हैं। हम एसएसपी जम्मू से तत्काल हस्तक्षेप करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग करते हैं।