मूसलाधार बारिश की अस्पतालों पर भी मार जारी है। शहर के अधिकांश अस्पताल लगातार बारिश के कारण टपकने लगे हैं। पुराने भवनों में पानी का ज्यादा रिसाव को रहा है।
अंबफला स्थित साइक्रेटरी अस्पताल में एहतियात के तौर पर पुरानी इमारत के सभी पांच वार्डों को खाली कराकर सीडी अस्पताल के पास बने नए साइक्रेटरी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। पिछले साल पुरानी इमारत का एक हिस्सा गिर गया था।
अस्पताल की अधीक्षक डा. उस्मानी स्वेदी के अनुसार मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से सभी पांच वार्डों को खाली करवा दिया गया है। लोगों तक पूरी जानकारी न पहुंचने से फिलहाल ओपीडी पुराने ब्लाक में ही जारी रखी गई है। साइक्रेटरी अस्पताल के पुराने ब्लाक के सभी पांच वार्डों में लगातार पानी का रिसाव हो रहा था। इन वार्डों में मानसिक रोगियों का इलाज किया जाता है, तीमारदार भी उनके साथ रहते हैं।