मानव हित में कार्य कर रही रेडक्रास संस्था के साथ मिलकर सरकार भी काम करना चाहेगी। नागरिक शिक्षा, प्राथमिक चिकित्सा और प्रशिक्षण जैसे प्रयासों में युवाओं को शामिल करने के लिए सरकार पूरा सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री महबूबी मुफ्ती ने इंटरनेशनल कमेटी आफ द रेडक्रास सोसाइटी के पदाधिकारियों के साथ मुलाकात में यह बातें कहीं।
आईसीआरसी की रीजनल हेड मैरी वेंज सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ चर्चा में संस्था के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से रेडक्रास ने जरूरतमंद लोगों तक पहुंच बनाई है, वह सराहनीय है। उन्होंने पुंछ और राजोरी में संस्था के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्था के सुझावों पर सरकार गंभीरता से कार्य करेगी और उन पर अमल होगा। रीजनल हेड मैरी वेंज ने सुझाया कि आपातकालीन परिस्थितियों में चिकित्सा संबंधी व्यवस्था में और सुधार करने की जरूरत है।
वहीं मुख्यमंत्री ने सुझाया कि आईसीआरसी यदि उभरते आर्थिक माहौल में युवाओं के कौशल विकास में भी हाथ बंटाए तो इससे युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सकता है। प्रधान सचिव नवीन कुमार चौधरी ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार आईसीआरसी के जम्मू कश्मीर चैप्टर को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है। इस अवसर पर आईसीआरसी डेलीगेट निकोलस भी मौजूद थीं।