शिक्षक के चांटा मारने से तीसरी कक्षा के एक छात्र के कान का पर्दा फट गया। बच्चे की गलती यह थी कि वह अपने एक सहपाठी के साथ शरारत कर रहा था। यह मामला आरएस पुरा थाना क्षेत्र के दीवानगढ़ गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल का है। बच्चे के परिजन ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है।
जानकारी के अनुसार दीवानगढ़ के सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र की शरारत पर शिक्षक मदन लाल को गुस्सा आ गया। इस दौरान उन्होंने छात्र को चांटा मार दिया। जब परिजन उक्त छात्र को अस्पताल लेकर गए, तो वहां पर डॉक्टरों ने छात्र के कान का पर्दा फटने की पुष्टि की।
डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद छात्र को घर भेज दिया। अरनिया जोनल शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र कौर का कहना है कि बच्चे को पीटने के मामले को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षक मदन लाल के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्कूल के हेडमास्टर से रिपोर्ट बनाकर भेजने का निर्देश जारी किया गया है।आरएस पुरा पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी रवि सिंह परिहार का कहना है कि बच्चे के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।