अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू के गांधीनगर में बुजुर्ग को बीते सोमवार दिनदहाड़े थार कार से टक्कर मारकर भागने वाला मनन आनंद बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह खुद गाड़ी चला रहा था। माना जा रहा है कि मनन ने खुद ही सरेंडर किया है क्योंकि गिरफ्तारी से कुछ देर पहले ही घायल बुजुर्ग कमलकांत को उनका परिवार जीएमसी से पंजाब ले गया। जाते वक्त उनकी बेटी ने सोशल मीडिया के माध्यम से चेतावनी दी थी कि थार चालक तू जहां भी है सामने आकर सरेंडर कर दे वरना उसके पता को कुछ हो गया तो तेरे साथ जो होगा वो जम्मू में इतिहास रचेगा।
कमल की बेटी ने ये बयान शाम करीब तीन बजे दिया। इसके ठीक चार घंटे बाद ही पुलिस ने अधिकारिक तौर पर बयान जारी करते हुए कहा कि थार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी साउथ अजय शर्मा का कहना है कि बुधवार को पुख्ता सूचना के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने मनन को उसके नानकनगर स्थित निवास से पकड़ा है। फिलहाल, उसने यह बताया है कि उसने जानबूझकर बुजुर्ग को टक्कर नहीं मारी। वह रिवर्स इसलिए आया था कि ताकि देख सके कि किसको टक्कर लगी है। हालांकि, घायल के स्वजन को टक्कर मारने के बाद वह जिस तरह से चला गया उसकी बातों पर यकीन नहीं किया जा सकता। टक्कर मारने के बाद फिर से टक्कर मारने की उसकी मंशा जानने का प्रयास किया जा रहा है।
वीडियो देखकर दहल उठे लोग
बता दें कि दो दिन पहले शहर के पाश इलाके गांधीनगर में एक थार कार चालक ने स्कूटी पर जा रहे बुजुर्ग गांधी नगर निवासी कमलकांत को पहले सामने से टक्कर मारी। इसके बाद थोड़ा आगे जाकर रिवर्स आकर फिर से बुजुर्ग को कुचलने का प्रयास किया। चालक यहीं पर नहीं रुका। कार से नीचे उतरा और बुजुर्ग को कुछ शब्द कहकर वहां से कार लेकर चला गया। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया था। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ जिसे देखकर हर कोई दहल उठा। इसके बाद काफी हाई हल्ला मचा। पुलिस ने थार को घटना के दिन ही जब्त कर लिया था जो कि चालक मनन आनंद के पिता के नाम पर है। एसपी साउथ अजय शर्मा का कहना है कि थार चालक को पकड़ा गया है।