फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमरनाथ यात्रा पर हमले की साजिश रचने में जुटे थे आतंकी, शोपियां में बुलाई थी बैठक

Mon, 02 Apr 2018 01:02 PM IST
बृजेश कुमार सिंह, अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
अमरनाथ यात्रा - फोटो : SELF
विज्ञापन
दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में अमरनाथ यात्रा पर हमले की साजिश बुनने को आतंकियों की बैठक बुलाई गई थी। इसके लिए लश्कर-ए-तैयबा तथा हिजबुल मुजाहिदीन के स्थानीय आतंकी जुटे थे। सुरक्षा बलों को बैठक की सटीक सूचना मिली और कार्रवाई में एक साथ 13 आतंकी मार गिराए गए। 
विज्ञापन


सूत्रों के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों को रविवार की रात आतंकी गुटों की बैठक होने की खुफिया जानकारी मिली। आपरेशन आल आउट में एक के बाद एक कई टाप कमांडर समेत 200 से अधिक आतंकियों के मार गिराए जाने से बौखलाए आतंकी संगठनों ने घाटी में फिर से हमले तेज करने की साजिश रचने के लिए भी यह बैठक बुलाई थी। 

इस सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने रात में ही शोपियां जिले के द्रागड़ व कचदूरा में घेरेबंदी कर ली। बताते हैं कि आतंकियों को एक साथ न रहने को कहा गया था। इस वजह से आतंकी अलग-अलग ग्रुप में इन दोनों गांवों में जुटे थे। इनपुट है कि आतंकी अमरनाथ यात्रियों पर हमले के साथ ही घाटी में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रचने के लिए जुटे थे। 
विज्ञापन


चूंकि, अमरनाथ यात्रा मार्ग दक्षिणी कश्मीर से होकर गुजरता है, जहां पिछले साल भी आतंकियों ने अनंतनाग जिले में एक यात्री बस को निशाना बनाया था। बैठक में अनंतनाग से लेकर श्रीनगर तक यात्रा मार्ग पर हमले के लिए सेफ प्वाइंट चुनने की जिम्मेदारी भी दी जानी थी। अब तक हुए हमले से अलग हटकर स्थान चयनित किया जाना था ताकि सुरक्षा बलों को किसी प्रकार का शक न होने पाए।
विज्ञापन

घटना स्थल पर मौजूद सुरक्षाबल - फोटो : अमर उजाला
खुफिया सूत्रों का कहना है कि आतंकी संगठन अमरनाथ यात्रा के दो महीने पहले से ही हमले की साजिश करने में जुटे थे ताकि हमले के स्थान को चुनने के लिए पूरी रैकी की जा सके। इन स्थानों पर सुरक्षा बलों की गतिविधियां तथा आम नागरिकों की मौजूदगी आदि का अच्छी तरह से पता लगाया जा सके। 

हमले और तेज होने की आशंका
खुफिया सूत्रों ने यह भी आशंका जताई है कि इस घटना के बाद घाटी में हमले और तेज हो सकते हैं। बौखलाए आतंकी संगठन राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं, मंत्रियों, पुलिस पर हमले कर सकते हैं। इनकी सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों से हथियार लूटने की कोशिशें भी हो सकती हैं। इसके साथ ही सुरक्षा प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक स्थानों को भी निशाना बनाया जा सकता है। 

आतंकियों की हर गतिविधि को बनाया जाएगा नाकाम
पुलिस का कहना है कि अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध होंगे। सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं। सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय है। आतंकियों से सख्ती से निबटा जाएगा। उनकी हर गतिविधियों को नाकाम बनाया जाएगा। यदि कोई बंदूक उठाता है तो उसके साथ उसी अनुरूप कार्रवाई होगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें