जम्मू-कश्मीर में अपने मंसूबों में असफल हो रहे आतंकी अब घाटी में दहशत फैलाने के लिए गैर प्रांतीय लोगों को लगातार निशाना बना रहे हैं। इसमें सेब कारोबारी, ट्रक चालक से लेकर मजदूर तक शामिल हैं।
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के कात्रासू इलाके में मंगलवार रात लगभग नौ बजे आतंकियों ने एक जघन्य हमले में पांच गैर प्रांतीय मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि एक मजदूर जहीरूद्दीन गंभीर रूप से घायल है। यह सभी मजदूर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले हैं।
इससे पहले 14 अक्तूबर को आतंकियों ने पुलवामा जिले में छत्तीसगढ़ के एक ईंट भट्ठा मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कात्रासू इलाके में हुई घटना के बारे में बताया जाता है कि यह मजदूर अपना काम समाप्त करने के बाद यहां बैठे हुए थे तभी अचानक आतंकियों का एक दल वहां पहुंचा और सीधे फायरिंग शुरू कर दी।
इससे पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया उसके बाद बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर भेज दिया गया है। हमला किस आतंकी गुट ने किया इसकी अभी किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बल सक्रिय हो गए हैं।