सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए हाईवे पर उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लोलाब इलाके में आतंकियों द्वारा लगाई गई आईईडी को सुरक्षा बलों ने निष्क्रिय कर बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। दहशतगर्दों ने सड़क किनारे दो किलो आईईडी लगाई थी।
विशेष सूचना के बाद शुक्रवार को सेना की टीम ने संदिग्ध आईईडी को खोजने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। इसी बीच सुबह करीब साढ़े 11 बजे बीएसएफ की पेट्रोलिंग पार्टी को कुपवाड़ा-कालारूच हाईवे पर पुलिया के किनारे तार से जुड़ी बैटरी के साथ संदिग्ध धातु दिखी। इसके बाद सेना, बीएसएफ और एसओजी की टीम ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी।
स्थानीय लोगों को नुकसान न पहुंचे इसके लिए हाईवे पर दोनों तरफ से यातायात रोक दिया गया। सेना के बम निरोधक दस्ते ने घटनास्थल पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तु को सड़क से उठाकर जंगल में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जंगल में बम निरोधक दल ने आईईडी को नष्ट कर दिया। इसके बाद यातायात को खोल दिया गया। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों के वाहनों को निशाना बनाने के लिए आतंकियों ने विस्फोटक सामग्री लगाई थी, जिसे नाकाम कर दिया है।