आतंकी चलती ट्रेनों पर हमला कर सकते हैं। रेलवे पुलिस के आईजी सुलेमान सलारिया ने यह आशंका जताते हुए रेलवे सुरक्षाकर्मियों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है। आईजी सलारिया ने कहा कि पिछले दिनों अंतर्राष्ट्रीय सीमा से हुई घुसपैठ, रेलवे ट्रैक के पास फिदाईन हमले और तोड़फोड़ की घटनाओं को देखते हुए भविष्य में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर हमले से इंकार नहीं किया जा सकता।
सलारिया ने शनिवार को रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा इंतजाम की समीक्षा करने के दौरान जवानों से रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने और सभी सुरक्षा एजेंसियों से तालमेल बनाकर काम करने के निर्देश दिए। आईजी ने जवानों को अपने जिम्मेदारी वाले क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ अंतर्राष्ट्रीय सीमा के आसपास के क्षेत्रों के रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और ट्रैक पर पैनी नजर रखने के भी निर्देश जारी किए।
इस दौरान एसएसपी सूरम सिंह ने जीआरपी के जवानों से सुरक्षा के संबंध में दिए आवश्यक दिशा निर्देशों का पूरी तरह से पालन करने को कहा।