बांदीपोरा। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में वीरवार को लश्कर-ए-ताइबा के एक आतंकी को दो ग्रेनेड व एके 47 की 19 गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि हाजिन में आतंकियों की मूवमेंट की ठोस सूचना पर हकबारा इलाके में सुरक्षा बलों ने संयुक्त नाका लगाया था। इस दौरान एक आतंकी को नाका पार्टी पर ग्रेनेड फेंकने की कोशिश में गिरफ्तार कर लिया गया। इसकी शिनाख्त रफीक अहमद राथर उर्फ हाजी निवासी चंदेरगैर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह हाल ही में आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। उसे पुलिस तथा सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। एसएसपी बांदीपोरा के अनुसार इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।