उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में पुलिस ने पाकिस्तान की ओर से आतंकी संगठन में युवाओं की भर्ती किए जाने की कोशिश को नाकाम किया है। चार युवाओं को आतंक का दामन थामने से रोक लिया है। इन युवाओं को पाकिस्तान के आतंकी संगठन के हैंडलर की ओर से लगातार सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड हमले के लिए उकसाया जा रहा था।
पुलिस को विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली कि जिले के विभिन्न स्थानों के कुछ युवाओं का आतंकी गतिविधियों के लिए शोषण किया जा रहा है। इसके आधार पर पुलिस ने चार स्थानों पर छापा मारकर चार युवकों को गिर तार किया।
पूछताछ में इन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तानी हैंडलर की ओर से लगातार सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड फेंकने के लिए उन्हें उकसाया जा रहा है। आतंकी संगठन में शामिल होने से पहले इसे उनकी पहली परीक्षा बताया जा रहा था। यह बात भी सामने आई कि पाकिस्तान की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफार्म का दुरुपयोग युवाओं को हिंसा के मार्ग पर चलने के लिए किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इन युवाओं की काउंसिलिंग कर उन्हें अभिभावकों को सौंप दिया गया। युवाओं के पिछले रिकार्ड तथा अभिभावकों की ओर से उन्हें आतंक का रास्ता छोडऩे के लिए प्रेरित किए जाने के वादे के बाद यह कदम उठाया गया।