कश्मीर में अगले कुछ दिनों में हालात सुधरने की संभावनाओं को लेकर आतंकी संगठनों ने नई रणनीति तैयार की है। राज्य में मौजूद बचे खुचे आतंकी अगले कुछ दिनों में जम्मू व जम्मू पठानकोट हाईवे पर आतंकी हमला करने की फिराक में हैं। इसके मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने हाईवे और जम्मू में अलर्ट जारी किया है।
रिपोर्ट के अनुसार चार से पांच संदिग्ध आतंकी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। इसकी रिपोर्ट भी एजेंसियों को पास है और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घगवाल और सांबा में इस सिलसिले में मॉक ड्रिल भी की गई और सेना को भी अलर्ट किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पांच दिन पहले घुसपैठ की दो कोशिशें नाकाम की गईं। आतंकी दो स्थानों से घुसपैठ करने का प्रयास कर गए। पंजाब में भी बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तीन आतंकियों को घुसपैठ के दौरान मार गिराया। भारत-पाक नियंत्रण रेखा (एलओसी) से भी आतंकी घुसपैठ करने की तैयारी में जुटे हैं।
आतंकी संगठनों के कमांडरों की कमी से बौखलाए सीमा पार बैठे आका जम्मू-कश्मीर मे बड़ी वारदात कराने की कोशिशें कर रहे हैं। युवाओें की भर्ती के अलावा बुरहान की मौत के बाद आतंकी बनने के इच्छुक युवाओं पर भी आतंकी संगठन नजर गड़ाए बैठे हैं। आतंकी वारदातों में स्थानीय आतंकियों की बढ़ती साझेदारी को लेकर भी चिंताएं बढ़ी हैं। पिछले कई दिनों से हाईवे पर अलर्ट जारी किया गया है।