उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। यहां से कंबल और रसद सामग्री बरामद की गई है। अधिकारी ने बताया कि जिले के हाजिबल इलाके में आतंकवादियों के एक ठिकाने की सूचना मिलने पर बारामुला पुलिस ने सेना की राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों के साथ मिलकर इलाके में एक तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान इलाके में एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया गया। गौरतलब है कि इस सामग्री के बरामद होने से यह पता चलता है कि आतंकवादी इस ठिकाने को ट्रांजिट के रूप में इस्तेमाल करते रहे हैं।
सोपोर में हाइब्रिड आतंकी मददगार के साथ गिरफ्तार
सुरक्षाबलों ने मंगलवार की शाम बेहरामपोरा सीलू पुल पर नाके के दौरान लश्क-ए-ताइबा के एक हाइब्रिड आतंकी को एक मददगार के साथ गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक पिस्टल, मैगजीन व दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। वह लक्षित हत्या के लिए हथियार पहुंचाने जा रहे थे।
सुरक्षाबलों के सूचना मिली थी कि एक वाहन में दो संदिग्ध व्यक्ति सफर कर रहे हैं। सुरक्षाबलों ने विभिन्न इलाकों में नाका लगा दिया। जिसके बाद शाम लगभग साढ़े सात बजे दो व्यक्ति एक वाहन में सवार होकर आते दिखे। उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो वह भागने लगे।
इनकी पहचान डांगीवाचा निवासी मुजफ्फर अहमद शाह और तारजू के सोफी इशाक अहमद के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें सीलू में एक पिस्तौल व एक हथगोला पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
तलाशी के दौरान मुजफ्फर अहमद डार के कब्जे से एक पिस्टल, एक मैगजीन, 8 कारतूस और एक ग्रेनेड बरामद किया गया। जबकि सोफी इशाक अहमद के पास से एक चीनी हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।