हंदवाड़ा में आतंकी ठिकाने से बरामद हथियार
- फोटो : संवाद
सुरक्षा बलों ने उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हफरूदा जंगलो में आतकियों के दो ठिकानों को ध्वस्त कर हथियारों का जखीरा बरामद किया है। वहां से भारतीय मुद्रा भी मिली है। बरामद हथियारों में चीन में बने कारतूस व रूस निर्मित यूबीजीएल ग्रेनेड शामिल हैं।
बताया जाता है कि एक विशिष्ट इनपुट के आधार पर सेना व जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने हंदवाड़ा के हफरुदा इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान उसे घने जंगल के बीच दो ठिकानों पर पर्याप्त सुरक्षित पैकिंग के साथ छिपाए गए हथियारों के पैकेट बरामद किए गए।
इन पैकेट में हथियारों के अलावा बड़ी मात्रा में नगदी भी शामिल है। फिलहाल कितना पैसा बरामद हुआ इसकी जानकारी नहीं है। 7.62 एमएम के 720 कारतूस (इनके चीन में बने होने की आशंका है), आरपीजी के पांच कारतूस, आरपीजी के 9 बूस्टर ट्यूब, 10 यूबीजीएल ग्रेनेड (इनके रूस में बने होने की संभावना है) ।
बांदीपोरा में लश्कर का आतंकी मददगार गिरफ्तार
कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षाबलों ने लश्कर के आतंकी मददगार को ग्रेनेड और एके-47 की गोलिरों के साथ गिरफ्तार किया है। सुरक्षाबलों ने गुप्त सूचना के आधार पर अलोसा इलाके में कनाल रोड पर एक नाका लगाया था। यहां चेकिंग के दौरान वह चीनी ग्रेनेड और 12 कारतूसों के साथ पकड़ा गया।
सुरक्षाबलों की टीम में 26 एआर और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की तीसरी बटालियन शामिल थी। पुलिस ने बांदीपोरा पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।